जिला नागरिक अस्पताल (बी.के.) में डिजिटल भुगतान की सुविधा से मरीजों को मिलेगी राहत
- कैश काउंटर, आपातकालीन विभाग, महिला एवं एएनसी पंजीकरण तथा नए ओपीडी पंजीकरण काउंटर पर चस्पा किए क्यूआर कोड से कर सकेंगे भुगतान
फरीदाबाद, 19 अक्टूबर।
जिला नागरिक अस्पताल (बी.के.) फरीदाबाद में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस पहल के तहत अस्पताल में विभिन्न महत्वपूर्ण काउंटरों पर चस्पा किए गए क्यूआर कोड के माध्यम से त्वरित एवं सुविधाजनक भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों को भुगतान प्रक्रिया में सहूलियत प्रदान करना, समय की बचत करना तथा अस्पताल में सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाना है।
डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि अस्पताल के कैश काउंटर पर क्यूआर कोड स्कैन करके डिजिटल भुगतान किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आपातकालीन विभाग, महिला एवं एएनसी पंजीकरण काउंटर तथा नए ओपीडी पंजीकरण काउंटर पर भी क्यूआर कोड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मरीज और उनके परिजन यूपीआई आधारित भुगतान माध्यमों का उपयोग करके निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें संबंधित काउंटर पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन करना होगा और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था से नकद राशि लेकर चलने की आवश्यकता कम होगी और भुगतान करने में लगने वाला समय भी घटेगा। इससे काउंटरों पर लगने वाली कतारों को कम करने में सहायता मिल सकती है तथा मरीजों को पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के दौरान बेहतर अनुभव मिलेगा। विशेष रूप से ओपीडी पंजीकरण और आपातकालीन विभाग जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर यह सुविधा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए उपयोगी साबित होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और तकनीक के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। डिजिटल भुगतान से लेन-देन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनती है। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें सरल, सुगम तथा बेहतर सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अस्पताल में डिजिटल भुगतान की सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें। भुगतान करते समय संबंधित क्यूआर कोड को ध्यानपूर्वक स्कैन करें और भुगतान सफल होने की पुष्टि अवश्य कर लें। अस्पताल प्रशासन मरीजों की सुविधा, समय की बचत और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।