सूरजकुंड दिवाली मेले में बच्चों को लुभा रहे टेडी बियर और फाइबर के खिलौने
-आकर्षक डिजाइन और अलग-अलग आकार के टेडी बियर स्टॉल पर बने आकर्षण का केंद्र
सूरजकुंड (फरीदाबाद), 24 अक्टूबर।
सूरजकुंड परिसर में आयोजित तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 में बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षक खिलौनों की विविध श्रृंखला उपलब्ध है। मेले में अलग-अलग आकार और डिजाइन के टेडी बियर तथा घोड़ा, हाथी, कछुआ, जिराफ और खरगोश जैसे जानवरों की आकृतियों वाले फाइबर से निर्मित खिलौने पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं।
मेले में लगे खिलौनों के स्टॉल पर रंग-बिरंगे टेडी बियर और विभिन्न जानवरों की आकर्षक आकृतियां बच्चों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। इन खिलौनों की विविधता और मनमोहक डिजाइन पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। परिवार के साथ मेले में पहुंच रहे लोग बच्चों की पसंद के अनुसार खिलौनों की खरीदारी भी कर रहे हैं।
सूरजकुंड दिवाली मेले में विभिन्न स्टॉल संचालकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया है। इससे स्थानीय एवं अन्य क्षेत्रों से आए व्यापारियों और कारीगरों को अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। मेले में खिलौनों के साथ-साथ हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुओं और अन्य आकर्षक उत्पादों की उपलब्धता खरीदारी के अनुभव को और भी खास बना रही है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सूरजकुंड परिसर में तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न स्टॉल संचालकों द्वारा अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरियाणा सरकार का और सूरजकुंड प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
26 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस मेले में खरीदारी, मनोरंजन और उत्सवी माहौल का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। टेडी बियर और फाइबर से बने खिलौनों के स्टॉल मेले में बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का एक प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।