आमजन को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना मेगा विधिक शिविर का मुख्य उद्देश्य : सीजेएम जितेंद्र सिंह

- सेक्टर-28 के राजकीय मॉडल स्कूल में मेगा विधिक सेवा शिविर आयोजित, विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
 
फरीदाबाद, 16 अक्टूबर। 
जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), फरीदाबाद जगदीप सिंह के कुशल मार्गदर्शन तथा जितेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद की देखरेख एवं गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के मॉड्यूल के अंतर्गत राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-28, फरीदाबाद में मेगा विधिक सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों ने भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य  संजय यादव, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा अभिभावक, विशेष रूप से नए प्रवेश के इच्छुक बच्चों के अभिभावक, भी उपस्थित रहे।

शिविर में शिक्षा विभाग, आयुर्वेद विभाग, जिला जेल नीमका, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला समाज कल्याण विभाग, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, फरीदाबाद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, महिला एवं बाल विकास विभाग, रोजगार कार्यालय, हैफेड, सुरक्षा विभाग तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों ने भाग लिया।

सभी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी सेवाओं, पात्रता एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद व्यक्तियों तक इन सुविधाओं की पहुंच आसान बनाना था।

इस अवसर पर सीजेएम जितेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे मेगा शिविरों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों को एक ही स्थान पर लाकर आमजन को एक ही जगह पर अनेक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की सुविधा देना है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन लोगों को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंदों को उचित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की भावना के अनुरूप ऐसे शिविरों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक विधिक जागरूकता और आवश्यक सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।

इस मेगा विधिक सेवा शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सरकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।