खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से 31 अक्तूबर से होगा सांसद खेल महोत्सव

- केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे शिरकत, 1 नवंबर को होगा समापन समारोह

- एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों का निरीक्षण कर लिया जायजा

फरीदाबाद, 29 अक्तूबर।

फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से 31 अक्तूबर से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 31 अक्तूबर को होगा, जबकि 1 नवंबर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। शुभारंभ और समापन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा लोकसभा क्षेत्र के विधायकगण एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

सांसद खेल महोत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा और सहूलियत को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रबंध किए जाएं, ताकि उन्हें प्रतियोगिताओं में भाग लेने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना तथा अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अमित मान, सीटीएम अंकित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।