सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सुषमा स्वराज राजकीय महिला महाविद्यालय, बल्लभगढ़ में किया गया पौधारोपण
- पौधारोपण से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
फरीदाबाद, 15 अक्टूबर।
प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत जिले के शिक्षण संस्थानों में विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय महिला महाविद्यालय, बल्लभगढ़ में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पौधे लगाकर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण के महत्व तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक चेतना, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों एवं महाविद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल भी करें और अपने आसपास के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें।