सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा फरीदाबाद द्वारा किये गए अनेकों सेवा कार्यक्रम : पंकज पूजन रामपाल

फरीदाबाद, सितंबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में फरीदाबाद जिले में भी भाजपा द्वारा सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन के 25 वर्ष देश और समाज की सेवा को समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान को केवल प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से जोड़कर नहीं देख रही, बल्कि इसे सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का पर्व मानकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

श्री पंकज पूजन रामपाल ने बताया कि फरीदाबाद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 15 मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाभार्थियों और आम नागरिकों के घरों, मंदिरों, पार्कों व सार्वजनिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि फरीदाबाद के तीनों विधानसभाओं में 4 लाख से अधिक दीप जलाए गए और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व नागरिकों ने भाग लिया। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विधायक धनेश अदलखा के साथ के.एल. मेहता कॉलेज में 11000 दीपों के साथ दीपोत्सव किया। वहीं सेक्टर-17 लेबर  चौक पर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने भाजपा नेता अमन गोयल और स्थानीय नागरिकों के साथ दीप जलाए। जिला कार्यालय अटल कमल पर भाई जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में आशीर्वाद के दीप प्रव्ज्लित किये गए और जिले के सभी मंडलों में कम से कम 15-15 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यकर्ताओं ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। भाजपा जिला अध्यक्ष,फरीदाबाद पंकज पूजन रामपाल के नेतृत्व में दून भारती पब्लिक स्कूल में स्कूल के बच्चों व अध्यापकों ने दीप प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत फरीदाबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी इन अभियानों में भाग लिया। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।