सेवा संकल्प अभियान-2026 : सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रहे लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव

- किसानों को मिल रहा सरकारी योजनाओं का लाभ, प्राकृतिक खेती से कम लागत में बढ़ा मुनाफा

- खाद-दवाई खरीदने में मददगार बनी किसान सम्मान निधि, किसानों ने जताया आभार

फरीदाबाद, 19 सितंबर। 
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थी अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। किसानों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का किसानों को लगातार लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं से प्रेरित होकर किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को भी अपना रहे हैं।

गांव नरियाला निवासी किसान सतीश कुमार भारद्वाज ने प्राकृतिक खेती को अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा प्राप्त करने का अनुभव साझा करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह करीब ढाई वर्ष से 2 एकड़ भूमि में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। रबी सीजन में गेहूं व सरसों तथा खरीफ में बाजरा, ज्वार व चरी की खेती करते हैं। फसल का कुछ हिस्सा परिवार के उपयोग में आता है, जबकि शेष बाजार में बेचते हैं, जहां प्राकृतिक तरीके से तैयार उपज के अच्छे दाम मिलते हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से लागत कम और मुनाफा अधिक हुआ है। इसके लिए उन्होंने जींद में तीन दिवसीय प्रशिक्षण भी लिया था। उनके पास देशी गाय हैं तथा उनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग प्राकृतिक खेती में किया जाता है, जिससे खेती की लागत कम रखने में मदद मिलती है।

गांव नरियाला निवासी किसान रविंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने पर सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली 2,000 रुपये की किस्त से वह खाद, दवाई तथा अन्य कृषि सामग्री खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से खेती से जुड़े छोटे-छोटे खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है और उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। उन्होंने किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के लिए सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को खेती के लिए आर्थिक संबल मिल रहा है।

मोहना गांव निवासी किसान गणेश ने भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने पर सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत उनके खाते में नियमित रूप से राशि प्राप्त हो रही है और अब तक करीब 22 किश्तें मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि की राशि से खेती के लिए खाद, दवाई तथा अन्य आवश्यक कृषि सामग्री खरीदने में काफी सहयोग मिलता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही अन्य योजनाओं का भी उन्हें लाभ मिल रहा है। कृषि विभाग के कर्मचारी समय-समय पर इन योजनाओं की जानकारी देते रहते हैं, जिससे किसानों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है। किसान गणेश ने किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के लिए सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन योजनाओं से किसानों को आर्थिक सहायता और खेती में सहयोग मिल रहा है।