स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को पूरा करना सुनिश्चित करे अधिकारी : डीसी आयुष सिन्हा
- जिला फरीदाबाद में हेलीपैड ग्राउंड पर होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
- स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को दिए विस्तृत निर्देश
फरीदाबाद, 3 अगस्त।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला सचिवालय सभागार कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और इसकी सभी तैयारियां समयबद्ध, समन्वित एवं मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप पूरी की जाएं।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि सेक्टर-12 स्थित हेलीपेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा। साथ ही संभावित वर्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बैकअप स्थल की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यदि अत्यधिक बारिश के कारण मुख्य स्थल प्रभावित होता है तो वैकल्पिक स्थल पर कार्यक्रम को शीघ्र स्थानांतरित करने की पूरी तैयारी पहले से होनी चाहिए। उन्होंने बैठक में ग्राउंड की सफाई, जल निकासी, पंपिंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, रंगोली, बैकड्रॉप, मंच सज्जा, स्वागत द्वार, मीडिया गैलरी तथा संपूर्ण स्टेज सेटअप की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम, एचएसवीपी तथा संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर सार्वजनिक शौचालयों, वीआईपी शौचालयों, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीसी आयुष सिन्हा ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही निर्धारित क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि परेड, मुख्य अतिथि के आगमन, राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा अन्य औपचारिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा एवं अनुशासन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
बैठक में परेड अभ्यास एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिहर्सल कार्यक्रमों का विस्तृत शेड्यूल तैयार कर सभी विभागों के साथ साझा किया जाए। उन्होंने बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की कार्यवाही एवं मिनट्स को स्पष्ट एवं व्यवस्थित रूप से तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि मुख्य समारोह का क्रम — मुख्य अतिथि का आगमन, राष्ट्रीय ध्वज फहराना, गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण, मुख्य अतिथि का संबोधन, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पुरस्कार वितरण — निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ही आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां विभागीय समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाएं और प्रत्येक नोडल अधिकारी अपने-अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए किसी भी समस्या की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, डीसीपी जयवीर राठी, सीईओ जिला परिषद शिखा, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।