फरीदाबाद में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी, आज होगी फाइनल रिहर्सल : डीसी आयुष सिन्हा
- जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल होंगे मुख्यातिथि
- दशहरा ग्राउंड बल्लभगढ़ में विधायक मूलचंद शर्मा और बड़खल के दशहरा ग्राउंड में विधायक धनेश अदलखा करेंगे ध्वजारोहण
- सेक्टर-12 हेलीपैड ग्राउंड सहित बल्लभगढ़ और बड़खल में भी होगा अंतिम पूर्वाभ्यास
- देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
फरीदाबाद, 12 अगस्त।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला स्तरीय समारोह की फाइनल रिहर्सल वीरवार को सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही उपमंडल स्तर पर बल्लभगढ़ के दशहरा ग्राउंड तथा बड़खल के दशहरा ग्राउंड में भी अंतिम पूर्वाभ्यास कराया जाएगा।
डीसी ने कहा कि रिहर्सल के दौरान परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पीटी शो, ध्वजारोहण से संबंधित गतिविधियों तथा अन्य प्रोटोकॉल आधारित व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा, ताकि 15 अगस्त को समारोह का आयोजन पूर्ण अनुशासन, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सहायता, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। उपमंडल स्तर पर आयोजित समारोहों में बल्लभगढ़ के दशहरा ग्राउंड में विधायक श्री मूलचंद शर्मा तथा बड़खल के दशहरा ग्राउंड में विधायक श्री धनेश अदलखा ध्वजारोहण करेंगे।
समारोह में हरियाणा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी (सीनियर एवं जूनियर विंग), सेंट जॉन्स ब्रिगेड, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (सीनियर एवं जूनियर विंग), स्काउट्स एवं गाइड्स तथा ‘प्रजातंत्र के प्रहरी’ द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। श्री राम मॉडल स्कूल के विद्यार्थी “ऐसा देश है मेरा” (पंजाबी मिश्रित प्रस्तुति), सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा के विद्यार्थी “वन्दे मातरम्”, पीएम श्री एनआईटी-2 के विद्यार्थी “मेले नू चलिए” (पंजाबी देशभक्ति प्रस्तुति), सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनआईटी- 3 की छात्राएं “छोरी में हरियाणे की” (हरियाणवी प्रस्तुति) तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-5 के विद्यार्थी “दुनिया ते न्यारा हरियाणा हमारा” (हरियाणवी प्रस्तुति) प्रस्तुत करेंगे।
डीसी आयुष सिन्हा ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लें और राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाते हुए राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करें।