एसआईआर फॉर्म पर अंकित बीएलओ के संपर्क नंबर का करें उपयोग, अंतिम समय का इंतजार न करें : उपायुक्त आयुष सिन्हा
- दस्तावेज सत्यापन और पोर्टल अपलोडिंग में लगता है समय, अंतिम तिथि का न करें इंतजार
फरीदाबाद, 7 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) समय रहते संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को जमा कराएं तथा किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए प्रपत्र पर अंकित बीएलओ के संपर्क नंबर का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने अथवा प्रपत्र जमा करने में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह तत्काल अपने बीएलओ से संपर्क कर समस्या का समाधान प्राप्त कर सकता है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि मतदाता अंतिम समय तक प्रतीक्षा करने के बजाय निर्धारित समय सीमा से पहले ही अपने गणना प्रपत्र जमा कर दें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गणना प्रपत्र को स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड किया जाता है तथा उसके साथ संलग्न दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाता है। ऐसे में यदि अंतिम दिनों में पोर्टल पर अधिक दबाव होने के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न होती है अथवा किसी दस्तावेज में त्रुटि पाई जाती है, तो उसके सुधार में अतिरिक्त समय लग सकता है, जिससे निर्धारित अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी करना कठिन हो सकता है।
उन्होंने कहा कि समय रहते प्रपत्र जमा करने से यदि किसी दस्तावेज में कमी या त्रुटि पाई जाती है तो उसे आसानी से ठीक किया जा सकता है। वहीं अंतिम समय में प्रपत्र जमा करने पर त्रुटियों को सुधारने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। इसलिए सभी मतदाता स्वयं भी जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी समय पर गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए प्रेरित करें।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे समय रहते अपने बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी बाधा के कारण उन्हें भविष्य में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।