
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने आमजन से की अपील, अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते जमा कराएं एसआईआर गणना प्रपत्र
- 14 जुलाई का इंतजार न करें, 10 जुलाई तक जमा कराएं एसआईआर गणना प्रपत्र
- सर्वर पर बढ़ते लोड, दस्तावेजों के सत्यापन और तकनीकी बाधाओं से बचने के लिए समय रहते जमा करें एसआईआर गणना प्रपत्र
फरीदाबाद, 7 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत अपने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) निर्धारित समय से पहले जमा कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित है, लेकिन मतदाता अंतिम तिथि का इंतजार न करें। उन्होंने आग्रह किया कि अधिक से अधिक मतदाता 10 जुलाई तक ही अपने भरे हुए गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध करा दें, ताकि उनका समयबद्ध डिजिटाइजेशन एवं पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज करना है। इसके लिए सभी बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने तथा उन्हें वापस एकत्रित करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए मतदाताओं का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ताकि अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश संबंधित बीएलओ अभी तक किसी मतदाता के घर नहीं पहुंच पाए हैं अथवा संपर्क स्थापित नहीं हो सका है, तो ऐसे मतदाता स्वयं पहल करते हुए अपने संबंधित मतदान केंद्र या बीएलओ से संपर्क करें और अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र समय रहते जमा कराएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में प्रशासन और मतदाताओं की साझी भागीदारी महत्वपूर्ण है।
सर्वर पर बढ़ते लोड, दस्तावेजों के सत्यापन और तकनीकी बाधाओं से बचने के लिए समय रहते जमा करें एसआईआर गणना प्रपत्र
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक गणना प्रपत्र को स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड किया जाता है तथा उससे संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाता है। यदि अंतिम दिनों में अत्यधिक संख्या में प्रपत्र अपलोड होने के कारण सर्वर पर अधिक लोड, डेटा अपलोड संबंधी तकनीकी समस्या अथवा दस्तावेजों में किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है, तो प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब हो सकता है। ऐसे में निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक सुधार करना भी कठिन हो सकता है। इसलिए उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि सर्वर या डेटा संबंधी संभावित समस्याओं से बचने के लिए अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते अपने गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को जमा करें।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार, पड़ोस और परिचितों को भी समय पर गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रपत्र जमा होने से डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी होगी तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सकेगा। जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र मतदाता से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करता है।