फरीदाबाद में फोटोयुक्त मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित : उपायुक्त आयुष सिन्हा
- 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दर्ज कर सकते हैं मतदाता सूची संबंधी दावा और आपत्तियां
फरीदाबाद, 31 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज दिनांक 31 जुलाई 2026 को जिले के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों द्वारा फोटोयुक्त मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन कर दिया गया है। ड्राफ्ट मतदाता सूची संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों के कार्यालयों, मतदान केन्द्रों तथा अन्य निर्धारित स्थानों पर आमजन के निरीक्षण हेतु उपलब्ध करवाई गई है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार ड्राफ्ट प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया गया है। मतदाता सूची से संबंधित दावा एवं आपत्तियां 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इसके उपरांत नोटिस चरण एवं प्राप्त दावों तथा आपत्तियों का निस्तारण 31 जुलाई 2026 से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, अथवा जिनके नाम, पते, आयु, फोटो या अन्य विवरण में त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के समक्ष निर्धारित प्रपत्रों में दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने, नाम हटाने अथवा विवरण संशोधन के लिए प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांच लें तथा यदि कोई त्रुटि या विसंगति हो तो निर्धारित समयावधि के भीतर दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची अधिकतम शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी रूप से तैयार की जा सके।