समय पर गणना प्रपत्र जमा करें, त्रुटि सुधार का मिलेगा पर्याप्त अवसर : उपायुक्त आयुष सिन्हा
- मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए डिजिटाइजेशन कार्य जारी
फरीदाबाद, 8 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निरंतर प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में प्राप्त गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य तेज़ी से किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को समयबद्ध, शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित करने का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही बीएलओ द्वारा भरे हुए गणना प्रपत्र भी नियमित रूप से एकत्र किए जा रहे हैं तथा प्राप्त प्रपत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डिजिटाइज्ड किया जा रहा है।
उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिन नागरिकों ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा नहीं कराया है, वे बिना विलंब इसे जमा कराएं। समय रहते प्रपत्र जमा करने से यदि किसी दस्तावेज अथवा विवरण में कोई कमी या त्रुटि पाई जाती है, तो उसे निर्धारित अवधि के भीतर आसानी से दूर किया जा सकता है। वहीं अंतिम समय में प्रपत्र जमा करने पर त्रुटियों के सुधार के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी समय पर गणना प्रपत्र भरकर जमा कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को सफल बनाया जा सके।