हर घर तिरंगा-2026 एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर प्रदेशभर में व्यापक जनभागीदारी से होंगे विविध कार्यक्रम:  डीसी आयुष सिन्हा

- 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 14 अगस्त को मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’

- राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य से लेकर ग्राम स्तर तक विशेष देशभक्ति कार्यक्रम होंगे आयोजित

- ‘हर घर तिरंगा’, और ‘वंदे मातरम् गीत’ कार्यक्रमों को लेकर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिए निर्देश

फरीदाबाद, 30 जुलाई। भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम् गीत’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को अभियान की रूपरेखा एवं कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 1 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलाया जाएगा, जबकि 14 अगस्त 2026 को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाजन के इतिहास से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन संवेदनशीलता एवं गरिमा के साथ किया जाए। उन्होंने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अंतर्गत प्रदर्शनी, व्याख्यान, अनुभव साझा कार्यक्रम, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, सांस्कृतिक गतिविधियां तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की थीम शांति, संवेदना और राष्ट्रीय एकता पर आधारित रहेगी। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम् गीत’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं साइकिल रैलियां, तिरंगा प्रदर्शनी, सेल्फी विद तिरंगा अभियान, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा सजावट जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं नागरिक समाज की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम : डीसी
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लाखों लोगों की स्मृति में राज्य एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, नाट्य मंचन, विभाजन पीडि़त परिवारों के अनुभव साझा करना, मौन श्रद्धांजलि, कैंडल मार्च तथा शैक्षणिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन विभाजन से प्रभावित परिवारों की कहानियों का संकलन कर नई पीढ़ी तक पहुंचाएगा।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष होंगे विशेष आकर्षण :
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रमों में आधिकारिक स्वरूप में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें।

प्रदेशभर में तिरंगा रैलियां, प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित :
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि अभियान के अंतर्गत राज्य एवं जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस, देशभक्ति आधारित तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, तिरंगा शोभायात्राएं, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान, सरकारी भवनों पर तिरंगा रोशनी, विशाल तिरंगा रंगोली तथा राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संबंधित उपायुक्तों को सौंपी गई है।

विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में होंगे विशेष आयोजन :
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को 1 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद हनी बंसल, सीईओ जिला परिषद शिखा, संपदा अधिकारी (एचएसवीपी) नवीन कुमार, सीटीएम अंकित कुमार, डीडीपीओ प्रामिन्द्र, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण  मौजूद रहे।