हरियाणा स्वच्छता सप्ताह-2026 के तहत ग्राम सागरपुर में चला विशेष स्वच्छता अभियान

- जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया ने दिलाई स्वच्छता शपथ, ग्रामीणों से प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का किया आह्वान

फरीदाबाद, 20 जुलाई। हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 20 जुलाई तक हरियाणा स्वच्छता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा स्वच्छता गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में रविवार को जिला परिषद फरीदाबाद के चेयरमैन विजय लोहिया ने ग्राम पंचायत सागरपुर में विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करते हुए श्रमदान किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा जागरूकता रैली में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।

विजय लोहिया ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के तहत स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परिवार हरे रंग के डस्टबिन में गीला कचरा, नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कचरा, लाल रंग के डस्टबिन में सैनिटरी कचरा तथा काले रंग के डस्टबिन में खतरनाक कचरा अलग-अलग डालकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाए। साथ ही उन्होंने सभी ग्रामवासियों से अपने गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है। ग्रामीण सामुदायिक श्रमदान के माध्यम से नालियों, तालाबों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई करें, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो सके।

उन्होंने बताया कि हरियाणा स्वच्छता सप्ताह-2026 के अंतिम दिन जनभागीदारी एवं स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत गांवव्यापी सफाई अभियान चलाकर चिन्हित कूड़ा संवेदनशील स्थलों (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स) को स्वच्छ एवं उपयोगी सामुदायिक स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा।