%20(1).jpeg)
मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटि रहित बनाने के लिए बीएलओ को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण : डीसी आयुष सिन्हा
- 15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर होगा मतदाताओं का सत्यापन
फरीदाबाद, 10 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से फरीदाबाद जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के लिए प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन तथा सम्बंधित विधानसभा के ईआरओ की अध्यक्षता में आयोजित इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बीएलओ को एसआईआर-2026 की समस्त प्रक्रियाओं का विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविरों में बीएलओ को गणना पत्र (Enumeration Form) मतदाताओं तक पहुंचाने, उन्हें सही तरीके से भरवाने तथा पुनः एकत्रित करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची मैपिंग (Voter List Mapping) के कार्य को प्रभावी ढंग से करने संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मैपिंग कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करें।
इसी क्रम में 86 एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण एपीजे स्कूल सेक्टर 15 के सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-ईआरओ एनआईटी 86 अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित सभी तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया गया कि मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं का नाम शामिल करना तथा अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि एसआईआर की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक सत्यापन का कार्य पूरा करेंगे, मतदान केंद्रों का पुनर्गठन 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को होगा, दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित है, दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें ताकि जिले की मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।