.jpeg)
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं, मिशन मोड में करें कार्य : उपायुक्त आयुष सिन्हा
फरीदाबाद, 19 जून। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य प्रतिनिधित्व अधिनियम (Representation of People Act) के अंतर्गत विधिक दायित्व हैं तथा निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन न करने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने आज हुड्डा कन्वेशन शिविर में आयोजित बीएलओ सुपरवाइजर्स की विशेष बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) के वितरण कार्य में और अधिक गति लाने की आवश्यकता है। बीएलओ सुपरवाइजर्स अपने अधीन कार्यरत सभी बीएलओ की नियमित निगरानी करें तथा प्रतिदिन उनके कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां अतिरिक्त प्रयास करते हुए स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों तथा समाज के जागरूक नागरिकों का सहयोग लिया जाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं पर भी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई घर बंद मिलता है तो संबंधित बीएलओ को स्थानीय स्तर पर जानकारी लेकर आवश्यक विवरण अपने रजिस्टर में दर्ज करना चाहिए। यदि कोई मतदाता अस्थायी रूप से बाहर है, विद्यार्थी है अथवा नौकरी के कारण अन्य स्थान पर रह रहा है, तो उसके परिवार के सदस्य को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि झुग्गी बस्तियों, पुनर्वास कॉलोनियों तथा ऐसे क्षेत्रों जहां लोगों तक पहुंचने में कठिनाई आ रही है, वहां विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों एवं बूथ लेवल एजेंटों का सहयोग लेकर भी अभियान को गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में कई बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपने क्षेत्रों में संतोषजनक प्रगति हासिल की है। ऐसे कर्मचारियों को भविष्य में सम्मानित भी किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी सुपरवाइजर्स से आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अभियान को निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूर्ण कराएं, ताकि जिले का प्रदर्शन प्रदेश में बेहतर हो सके।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, सीईओ जिला परिषद शिखा, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, एचएचवीपी एस्टेट अधिकारी नवीन कुमार, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।