बीएलओ पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पूर्ण करवाएं एसआईआर प्रक्रिया

- जिला में 15 जून से शुरू होगी एसआईआर प्रक्रिया : डीसी

- बीएलओ 15 जून से 14 जुलाई तक करेंगे घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य


फरीदाबाद, 05 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण चरण-3 की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि बताया कि यह अभियान पूरे हरियाणा सहित फरीदाबाद जिला में भी चलाया जाएगा ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध बनाया जा सके। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा आवश्यक फार्म भरवाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभाग को बीएलओ को एसआईआर से संबंधित प्रशिक्षण देने तथा एसआईआर प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।

ये रहेगा विशेष गहन पुनरीक्षण चरण-3 का शेड्यूल :
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि एसआईआर की  अर्हता तिथि  1 जुलाई 2026 है (उस निर्धारित तिथि तक आपकी उम्र, शिक्षा या अन्य योग्यताएं पूरी होनी चाहिए)। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक सत्यापन का कार्य पूरा करेंगे, मतदान केंद्रों का पुनर्गठन 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को होगा, दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित है, दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से एसआईआर में सहयोग की अपील की है ताकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके।