.jpeg)
संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें किसान : डॉ. बाबू लाल
- खाद की कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
फरीदाबाद, 11 जून। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, फरीदाबाद द्वारा जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं संतुलित खाद उपयोग को लेकर सभी निजी एवं सरकारी खाद विक्रेताओं तथा पैक्स प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक डॉ. बाबू लाल ने की।
बैठक में किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। कृषि विभाग की विषय विशेषज्ञ डॉ. संगीता मल्होत्रा ने कहा कि संतुलित खाद उपयोग से न केवल फसल उत्पादन में वृद्धि होती है, बल्कि भूमि की उर्वरता भी लंबे समय तक बनी रहती है। उन्होंने खाद विक्रेताओं से किसानों को वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप उर्वरकों के प्रयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
गुण नियंत्रण निरीक्षक, फरीदाबाद ने निर्देश दिए कि सभी खाद विक्रेता अपने स्टॉक का पीओएस (POS) मशीन में दर्ज विवरण से नियमित मिलान करें तथा उर्वरकों का वितरण केवल “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल के अनुसार ही सुनिश्चित करें। तकनीकी सहायक डॉ. आनन्द प्रकाश ने चेतावनी दी कि यदि कोई खाद विक्रेता उर्वरकों की कालाबाजारी या अनियमितता करता पाया गया तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश (FCO)-1985 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विनोद ने निजी एवं सहकारी खाद विक्रेताओं को एसएसपी (SSP), एनपीके (NPK) तथा बायो-फर्टिलाइजर उर्वरकों के लाभ एवं उनके संतुलित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को फसल एवं मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों के प्रयोग के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उप मंडल कृषि अधिकारी डॉ. जुगवीर सिंह ढीढवाल, खंड कृषि अधिकारी डॉ. विनीत कुमार, खंड कृषि अधिकारी बल्लभगढ़ डॉ. सतपाल, डॉ. वीरेंद्र, पैक्स चेयरमैन अपील रावत सहित जिले के अनेक खाद विक्रेता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।