
समाधान शिविर में पहुंचीं 20 शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया
- लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
फरीदाबाद, 11 जून। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज वीरवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता फरीदाबाद एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने की।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि आज वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 9 शिकायतें सीआरआईडी (CRID) विभाग से संबंधित रहीं, जो मुख्यतः परिवार पहचान पत्र (PPP) में आय संबंधी त्रुटियों, नए सदस्य जोड़ने एवं अन्य अपडेट से जुड़ी थीं। इसके अतिरिक्त विकास एवं पंचायत विभाग से 1, डीएचबीवीएनएल (बिजली विभाग) से 1, आबकारी एवं कराधान विभाग से 1, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से 1, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से 1, नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) से 2, पुलिस विभाग से 1, राजस्व विभाग से 2 तथा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से 1 शिकायत प्राप्त हुई। समाधान शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके। ये सभी शिकायतें आज पहली बार समाधान शिविर में दर्ज कराई गई
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत समाधान शिविरों में नागरिकों की भागीदारी सरकार और प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है।
समाधान शिविर में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।