जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर सख्ती, 9 कर्मचारियों पर FIR के निर्देश
- निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा का कड़ा रुख, गैरहाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई तय
फरीदाबाद, 05 मई। भारत सरकार द्वारा कराई जा रही जनगणना के कार्य को गंभीरता से लेते हुए फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने फरीदाबाद स्थित डी ए वी मैनेजमेंट कॉलेज से जनगणना कार्य के लिए सुपरवाइजर नियुक्त किए गए 9 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा उनके वेतन को रोकने के लिए मैनेजमेंट को निर्देश जारी किए हैं। बता दें कि उक्त 9 कर्मचारी जनगणना कार्य की ड्यूटी पर विभाग द्वारा बार बार जारी सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे हैं उसी के आधार पर जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
चार्ज ऑफिसर सुमन रतरा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना का कार्य भारत सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों की अवहेलना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारियों द्वारा जनगणना कार्य में निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते मुख्य जनगणना अधिकारी द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और समयबद्ध तरीके से निभानी होगी, अन्यथा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे जनगणना के कार्य को गंभीरता से लेते हुए सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी ड्यूटी का निर्वहन सुनिश्चित करें।