जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मनाया विश्व स्वास्थ्य दिवस, लोगों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

फरीदाबाद, 07 अप्रैल।  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बी.के. अस्पताल, फरीदाबाद, सिविल अस्पताल, बल्लभगढ़ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खेड़ी कलां में आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त, ताऊ देवी लाल वृद्धाश्रम, एनआईटी, फरीदाबाद में  स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया। 

सभी कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरमैन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संदीप गर्ग के कुशल मार्गदर्शन और सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रितु यादव के पर्यवेक्षण में संपन्न हुए।

इस अवसर पर सीजेएम रितु यादव ने उपस्थित लोगों को विश्व स्वास्थ्य दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने सभी को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रमों में आमजन, अस्पताल स्टाफ एवं अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न विषयों पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। वृद्धाश्रम में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।

इन कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य आजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर कृष्ण लाल बजाज, डॉक्टर संदीप व रविंद्र गुप्ता सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।