दंगल टीवी के ‘इश्क जूनूनी’ फेम अभिनेत्री अंजलि शर्मा की माइक्रो-मिनी सीरीज में एंट्री, ओंकार फिल्म्स के साथ ‘हाउसवाइफ बनी बॉस’

Mumbai News : मनोरंजन इंडस्ट्री में इन दिनों डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर माइक्रो-मिनी सीरीज का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में एक नई सीरीज ‘हाउसवाइफ बनी बॉस’ काफी चर्चा बटोर रही है। ओंकार फिल्म्स एंड स्टूडियो द्वारा निर्मित यह रिवेंज-ड्रामा सीरीज स्टोरी टीवी पर स्ट्रीम हो रही है।

इस सीरीज में अंजलि शर्मा के साथ रोहित भारद्वाज और आकाश तलवार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। कहानी आन्या मल्होत्रा नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वर्षों तक अपमान और तिरस्कार सहने के बाद अपनी असली पहचान का खुलासा करती है और एक ताकतवर सीईओ के रूप में सामने आती है।

टीवी शो ‘इश्क जूनूनी’ से पहचान बनाने वाली अंजलि शर्मा इस माइक्रो-सीरीज में बिल्कुल अलग अवतार में दिखाई दे रही हैं। कहानी में आन्या को तीन साल तक एक बेबस और लाचार गृहिणी की तरह ट्रीट किया जाता है। इस दौरान उसे लगातार अपमान, धोखा और यहां तक कि अपने पति की बेवफाई का भी सामना करना पड़ता है। लेकिन एक दिन सब कुछ तब बदल जाता है, जब एक थप्पड़ और तलाक की घटना उसकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट बन जाती है।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अंजलि शर्मा ने कहा,
“आन्या मल्होत्रा एक बहुत ही लेयर्ड किरदार है। ऊपर से वह कमजोर और असहाय दिखाई देती है, लेकिन उसके भीतर अपार ताकत और आत्मसम्मान है। मुझे ‘हाउसवाइफ बनी बॉस’ की कहानी इसलिए खास लगती है क्योंकि यह एक महिला की शांत सहनशीलता और उसके दर्द को ताकत में बदलने की यात्रा को दिखाती है। यह अपमान से आत्मसशक्तिकरण तक की कहानी है।

ओंकार फिल्म्स एंड स्टूडियो के साथ काम करना बेहद शानदार अनुभव रहा। वे लगातार नए स्टोरीटेलिंग फॉर्मेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के साथ प्रयोग कर रहे हैं। माइक्रो-सीरीज के जरिए वे आज के दर्शकों के लिए दमदार कंटेंट तैयार कर रहे हैं।”

माइक्रो-मिनी सीरीज के फॉर्मेट के बारे में अंजलि ने आगे कहा,
“यह फॉर्मेट कलाकारों और दर्शकों दोनों के लिए बेहद रोमांचक है। कहानी की रफ्तार तेज होती है और दर्शकों को महीनों तक इंतजार नहीं करना पड़ता। कम समय में ही वे पूरी भावनात्मक यात्रा और उसका परिणाम देख लेते हैं, जो इसे और भी दिलचस्प बनाता है।”

मनीष शुक्ला द्वारा प्रोड्यूस की गई ओंकार फिल्म्स एंड स्टूडियो माइक्रो-सीरीज स्पेस में तेजी से उभरती हुई प्रोडक्शन कंपनी बन चुकी है। अब तक यह प्रोडक्शन हाउस करीब 70 सीरीज बना चुका है और जल्द ही 100 शोज़ के आंकड़े तक पहुंचने की तैयारी में है।

दिलचस्प बात यह है कि ‘हाउसवाइफ बनी बॉस’ कुकू एफएम पर भी सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली सीरीज में शामिल है, जो शॉर्ट-फॉर्मेट स्टोरीटेलिंग की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

तेज रफ्तार और दमदार कहानियों के साथ माइक्रो-मिनी सीरीज आज ओटीटी की नई ट्रेंड बनती जा रही हैं। यह फॉर्मेट कलाकारों को अलग-अलग जॉनर में काम करने का मौका दे रहा है और दर्शकों को कम समय में प्रभावशाली कहानियां देखने का अनुभव प्रदान कर रहा है।