बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : डीसी

- अधिवक्ताओं ने चुनाव प्रबंधन पर जताया संतोष, डीसी ने लिया फीडबैक

- डीसी आयुष सिन्हा ने बार काउंसिल चुनाव का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


फरीदाबाद, 18 मार्च। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आज आयोजित बार काउंसिल चुनाव के दौरान लघु सचिवालय में बनाए गए मतदान केंद्रों का दौरा कर चुनाव प्रक्रिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ चुनाव नोडल अधिकारी एवं बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद  मौजूद रहे। निरिक्षण के दौरान डीसी आयुष सिन्हा ने ड्यूटी पर तैनात सुपरवाइजरों से चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। डीसी आयुष सिन्हा ने सुनिश्चित किया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

डीसी आयुष सिन्हा ने प्रत्येक बूथ पर जाकर वहां उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए बनाए गए इंतजाम तथा चुनाव कर्मियों की तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी अधिवक्ताओं को बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिले।

डीसी आयुष सिन्हा ने मतदान करने पहुंचे अधिवक्ताओं से संवाद स्थापित कर चुनाव व्यवस्थाओं के बारे में उनकी प्रतिक्रिया ली और साथ ही यह भी पूछा कि उन्हें मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही। इस दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों पर संतोष जताया और शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव करवाने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद प्रकट किया।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान समाप्ति तक सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से जारी रखी जाएं तथा किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद पाई गई और सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक पुलिस बल तैनात रहा।

जिला प्रशासन की निगरानी में बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रहा है, जिस पर अधिवक्ताओं ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान एसीपी राजीव कुमार सहित अन्य कई अधिकारीगण मौजूद रहे।