मंडियों में किसानों को हर सुविधा उपलब्ध करवाई जाए: डीसी आयुष सिन्हा

फरीदाबाद, 29 मार्च।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने रबी फसलों की खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

डीसी ने शनिवार शाम को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक में निर्देश जारी करते हुए कहा कि मंडियों में बारदाना, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था, साफ-सुथरे शौचालय, कैंटीन सेवाएं तथा सीसीटीवी निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडी में नोडल अधिकारी सक्रिय रूप से तैनात रहें और खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें।

उन्होंने सभी एसडीएम और नोडल अधिकारियों को मंडियों का नियमित दौरा करने तथा ट्रायल रन के माध्यम से व्यवस्थाओं की पूर्व जांच करने के निर्देश दिए, ताकि खरीद शुरू होने से पहले सभी इंतजाम पूरी तरह दुरुस्त मिलें।

डीसी आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए उच्च अधिकारी भी निरंतर फील्ड में दौरे पर रहेंगे। जिला स्तर पर भी इसकी सघन मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी मंडियों का औचक निरीक्षण करेंगे और यदि कहीं किसी प्रकार की कमी या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीसी  ने कहा कि खरीदी गई फसलों का भुगतान समय पर और सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि किसानों का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा और खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।