कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया जिला अस्पताल में हार्ट सेंटर का उद्घाटन, कम शुल्क में होगा दिल का इलाज : विपुल गोयल

- जिला अस्पताल शहर की पहचान, नई सुविधाओं से मिलेगा बेहतर इलाज : मेयर प्रवीण बत्रा जोशी

- हार्ट सेंटर की शुरुआत फरीदाबाद के लिए बड़ा कदम : पंकज पूजन रामपाल

- जिला अस्पताल में होगा बड़ा अपग्रेड, शव वाहन से लेकर नई मशीनें तक मिलेंगी सुविधाएँ

- 4 अप्रैल को फरीदाबाद आएंगे मुख्यमंत्री नायब सैनी, बड़े प्रोजेक्टों की होगी घोषणा

- 28 मार्च को विश्व विद्यालय में लगेगा रोजगार मेला, बड़ी संख्या में युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य


फरीदाबाद, 20 मार्च।
हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने आज जिला अस्पताल में हार्ट सेंटर का उद्घाटन किया। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा भी मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कहा कि हृदय रोग से संबंधित इलाज आम आदमी के लिए महंगा होता है, लेकिन अब बीके अस्पताल में कम खर्च में आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि जहां निजी अस्पतालों में स्टेंट लगाने का खर्च दो लाख रुपये तक होता है, वहीं यहां यह सुविधा किफायती दरों में उपलब्ध होगी। इसी प्रकार हृदय से संबंधित विभिन्न जांचें भी बाजार दर से काफी कम शुल्क पर की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष के भीतर अस्पताल के मौजूदा ढांचे में बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा तथा प्रदेश सरकार द्वारा बजट में लिए गए निर्णय के अनुसार फरीदाबाद में 200 से 400 बेड का नया आधुनिक अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और फरीदाबाद को चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बीके अस्पताल केवल फरीदाबाद ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए जीवन रेखा है। इसलिए यहां सुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा घोषित योजना के अनुसार डायलिसिस की सुविधा प्रदेश में निःशुल्क की गई है और बीके अस्पताल में पिछले एक वर्ष से बड़ा डायलिसिस सेंटर सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर विश्वास न करें, बल्कि सरकारी अस्पतालों में मिल रही सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक उपकरण, भवन मरम्मत, नई मशीनें और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल में शव वाहन की सुविधा भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी ताकि जरूरतमंद परिवारों को परेशानी न हो।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया की पलवल के सरकारी अस्पताल की तर्ज पर फरीदाबाद के जिला अस्पताल परिसर में भी शीघ्र ही महाकाल रसोई शुरू की जाएगी, जहां मरीजों के परिजनों को मात्र 10 रुपए की रियायती दर पर भोजन मिलेगा तथा प्रारंभिक चरण में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाहर की आधारभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग ₹2 करोड़ 10 लाख की लागत से सड़क, सीवरेज और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं और अगले कुछ दिनों में इनका कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

4 अप्रैल को फरीदाबाद आएंगे मुख्यमंत्री नायब सैनी, बड़े प्रोजेक्टों की होगी घोषणा
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने जानकारी दी कि 4 अप्रैल को सेक्टर-12, फरीदाबाद में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें फरीदाबाद के विकास से जुड़े अनेक बड़े प्रोजेक्टों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बजट में फरीदाबाद को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिसमें मेट्रो विस्तार, आरआरटीएस, ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी, नए अस्पताल, सड़क परियोजनाएं तथा अन्य विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद और पलवल को बाढ़ से मुक्त करने के लिए भी सरकार ने बड़ा संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि यमुना क्षेत्र में स्टोन पिचिंग तथा अन्य स्थायी कार्यों के लिए बड़ी योजना बनाई गई है, ताकि हर वर्ष होने वाले नुकसान से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के विकास के लिए अपनी मांगें लिखित रूप में दें, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जा सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत होती है और जितनी अधिक भागीदारी होगी, उतना अधिक विकास संभव होगा।

28 मार्च को विश्व विद्यालय में लगेगा रोजगार मेला, बड़ी संख्या में युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि आगामी 28 अप्रैल को जे.सी. बोस यूनिवर्सिटी (पूर्व में वाईएमसीए) में एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपना बायोडाटा जमा कर इस अवसर का लाभ उठाएं।

महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि जिला अस्पताल फरीदाबाद शहर की पहचान है और यहां मध्यम वर्ग एवं जरूरतमंद परिवारों का सबसे अधिक भरोसा रहता है। नगर निगम और राज्य सरकार को अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूर्व में जो मांगें भेजी गई थीं, उन पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से हार्ट डिपार्टमेंट सहित नई सुविधाओं के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन सेवाओं से आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित उपचार मिलेगा।

महापौर ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के मार्गदर्शन में फरीदाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि डॉ. जयंत आहूजा के नेतृत्व में जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाने का जो कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। हार्ट सेंटर जैसी सुविधाओं का आरंभ फरीदाबाद के नागरिकों को आधुनिक और त्वरित चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और फरीदाबाद में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्य तेजी से हो रहे हैं।

जिला अध्यक्ष ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित की योजनाएं आगे बढ़ती रहेंगी और प्रदेश निरंतर प्रगति करता रहेगा।

इस अवसर पर पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद मनोज नासवा, पार्षद जसवंत, मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुभाष आहूजा, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन सोनू शर्मा, पीएमओ डॉ राम भगत, डॉ राजेश श्योकंद, डॉ. विशाल, डॉ. रचना मिश्रा, डॉ दिलीप नायर, डॉ सुशील अहलावत, सामाजिक कार्यकर्ता चंदी राम गुप्ता, विनीता गुप्ता, विमल खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण मौजूद रहे।