.jpeg)
सही कैरियर चुनने के लिए जागरूक रहें युवा : डॉ. नेहा सिंह
- होटल मैनेजमेंट संस्थान में रोजगार विभाग का मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित
फरीदाबाद, 18 मार्च। उप-मण्डल रोजगार कार्यालय, बड़खल द्वारा होटल प्रबंधन संस्थान (Institute of Hotel Management) बड़खल में व्यावसायिक मार्गदर्शन सेमीनार का आयोजन किया गया। इस सेमीनार में लगभग 100 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनके कैरियर चयन, कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों के बारे में जागरूक करना था। इस अवसर पर सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह मौजूद रही।
सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने विद्यार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए बताया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं के लिए अपनी योग्यता, रुचि एवं क्षमता के अनुसार सही कैरियर का चयन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने होटल मैनेजमेंट से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए छात्रों को इन क्षेत्रों में निपुण बनने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने पर बल दिया।
डॉ. नेहा सिंह द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार विभाग के एचआरईएक्स (HREX) पोर्टल तथा एनसीएस (NCS) पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया, ताकि युवा अधिक से अधिक रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि रोजगार विभाग द्वारा समय-समय पर जॉब फेयर, प्लेसमेंट कैंप तथा विभिन्न रोजगार योजनाओं का आयोजन किया जाता है, जिनका लाभ युवाओं को अवश्य उठाना चाहिए।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार के अवसर, कौशल प्रशिक्षण तथा कैरियर से संबंधित विभिन्न विकल्पों की जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) तथा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप कार्यक्रम (PM Internship Programme) के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया, ताकि युवा इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें।
डॉ. नेहा सिंह ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कैरियर के प्रति जागरूक रहें, समय-समय पर आयोजित होने वाले रोजगार एवं मार्गदर्शन कार्यक्रमों में भाग लें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ें।
होटल प्रबंधन संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. संदीप लाहोरी, आलोक कुमार, व्याख्याता तथा संस्थान के अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।