पेट्रोलियम उत्पाद जैसे ईंधन तेल व गैस पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 लागू

- गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपे अधिकारी, ओवर प्राइसिंग व अन्य शिकायतों  पर होगी कार्रवाई : डीसी

- केंद्र व राज्य सरकार के निर्देशानुसार अस्पताल, छात्रावास व घरेलु उपभोक्ताओं को प्राथमिकता से मिलेगी गैस

- पैनिक, भय व डर की स्थिति से बचे आमजन, अफवाहों से रहें सावधान : डीसी

फरीदाबाद, 12 मार्च।
जिला में एलपीजी (घरेलू गैस) सप्लाई, पीएनजी सप्लाई तथा पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता समीक्षा हेतु उपायुक्त (डीसी) आयुष की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीपीसीएल, आईओसीएल, एचपीसीएल के जिला स्तरीय अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, पुलिस विभाग, सिविल प्रशासन, पेट्रोल पंप एसोसिएशन, पीएनजी कंपनी प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार के निर्देशानुसार अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों जैसे आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को एलपीजी अथवा पीएनजी सप्लाई पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए। ऐसे संस्थानों से प्राप्त मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। अनावश्यक दस्तावेज व औपचारिकताओं के कारण सप्लाई में होने वाली अनावश्यक देरी से बचने के लिए समय से जरूरी कदम उठाए जाएं। किसी भी स्थिति में प्राथमिकता वर्ग को परेशानी न आने दी जाए।

डीसी आयुष सिन्हा ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, एसडीएम तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण किया जाए। दैनिक स्टॉक, बुकिंग और वितरण की पूरी जानकारी आनश्यक रूप से नोडल अधिकारी को रिपोर्ट के रूप में प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरचार्जिंग, ब्लैक मार्केटिंग, डबल स्टॉकिंग या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि पैनिक की स्थिति न हो इसके लिए क्यू मैनेजमेंट सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने गैस एजेंसी वितरकों से आह्वान किया कि वह सुनिश्चित करें कि गैस वितरण के लिए अनावश्यक भीड़ की स्थिति उत्पन्न न हो। ऐसी स्थिति में आवश्यकतानुसार तैनात पुलिस की मदद से क्यू मैनेजमेंट सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में गैस वितरकों ने जानकारी दी कि इन दिनों लोग घबराहट में अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग व पोर्टल पर आवेदन करने में लगे हैं। इससे सॉफ्टवेयर एवं सर्वर लोड बढ़ने के कारण बुकिंग सिस्टम धीमा हुआ है। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि सर्वर क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही बुकिंग प्रणाली पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। बशर्ते लोग पैनिक की स्थिति से बचें।

अफवाह से बचें, अनावश्यक बुकिंग या जमाखोरी न करें - डीसी
डीसी ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, आवश्यकता से अधिक बुकिंग न करें। सरकार हर स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। ऐसे में घबराहट की जरूरत नहीं है। किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। केवल विश्वसनीय व आधिकारिक सूत्रों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।