स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद की देखरेख में 125 टीबी मरीजों को ‘निक्षय पोषण आहार किट’ वितरित
स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद की देखरेख में 125 टीबी मरीजों को ‘निक्षय पोषण आ…
स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद की देखरेख में 125 टीबी मरीजों को ‘निक्षय पोषण आ…
स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद की देखरेख में 125 टीबी मरीजों को ‘निक्षय पोषण आहार किट’ वितरित
फरीदाबाद। जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सराहनीय पहल करते हुए रोटरी क्लब फरीदाबाद ईस्ट द्वारा रेड क्रॉस सोसायटी, सेक्टर-12 फरीदाबाद के ऑडिटोरियम में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 125 टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित मरीजों को ‘निक्षय पोषण आहार किट’ वितरित की गई। यह किट आगामी 6 माह तक नियमित रूप से मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनके उपचार में पोषण की कमी न आए और वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि किसी भी बीमारी के उपचार में संतुलित एवं पौष्टिक आहार की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने रोटरी क्लब एवं रेड क्रॉस सोसायटी की इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि यह प्रयास टीबी उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम साबित होगा।
विशिष्ट अतिथि डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. हरजिंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 125 मरीजों को पोषण आहार किट प्रदान करना एक अनुकरणीय सामाजिक पहल है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनका मनोबल भी सुदृढ़ होगा।
रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सिंह सोरोत ने बताया कि वितरित की गई किट में दालें, काला चना, गुड़, तेल, प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ एवं अन्य आवश्यक पोषण सामग्री सम्मिलित है, जिससे मरीजों को समुचित पोषण प्राप्त हो सके।
रेड क्रॉस सोसायटी के संरक्षक विमल खंडेलवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं।
रोटरी क्लब फरीदाबाद ईस्ट के प्रधान आशु लाल एवं एच.एल. भूटानी ने कहा कि क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम का संचालन सहसचिव पुरुषोत्तम सैनी द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
अंत में रोटरी क्लब फरीदाबाद ईस्ट द्वारा सभी सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित गणमान्यजन:
डॉ. जयंत आहूजा (सिविल सर्जन), डॉ. हरजिंदर सिंह (डिप्टी सिविल सर्जन), बिजेंद्र सिंह सोरोत (सचिव, रेड क्रॉस सोसायटी), विमल खंडेलवाल (संरक्षक, रेड क्रॉस सोसायटी), पुरुषोत्तम सैनी (उप अधीक्षक/सहसचिव), जसवंत सिंह पंवार (पार्षद), आशु लाल (प्रधान, रोटरी क्लब फरीदाबाद ईस्ट), एच.एल. भूटानी, धर्मवीर गुप्ता, सुभाष गहलोत (डीआरटीबी एचआईवी कोऑर्डिनेटर), साधना (कोऑर्डिनेटर), मधु भाटिया (कोऑर्डिनेटर), सतवीर, जसवंत, बिजेंद्र, विजयपाल, इंदुबाला, एस.सी. त्यागी, एंडी नागपाल, दीपक ठुकराल, गुरमीत चावला, सी.पी. कोहली, उदय गौतम सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।