प्रतिस्पर्धात्मक माहौल युवाओं को देगा आगे बढ़ने का मौका: डीसी विक्रम सिंह
- डीसी विक्रम सिंह ने खेल परिसर में 27वें हरियाणा राज्य खेल उत्सव का निरीक्षण कर खिलाड़ियों से की बातचीत
फरीदाबाद, 03 नवंबर। उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में 27वें हरियाणा राज्य खेल उत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ पूरे प्रदेश में आयोजित की जा रही हैं। जिसका शुभारंभ गत रविवार की शाम को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के द्वारा गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से किया गया। इसी श्रृंखला में फरीदाबाद में भी चार प्रमुख खेलों—फेंसिंग, टेनिस, वेटलिफ्टिंग और आर्चरी—की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। डीसी विक्रम सिंह ने सेक्टर- 12 स्थित खेल परिसर में आयोजित 27वें हरियाणा राज्य खेल उत्सव  का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा खिलाड़ियों से संवाद भी किया।
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि 27वें हरियाणा स्टेट गेम्स में लगभग 650 खिलाड़ी विभिन्न जिलों से फरीदाबाद पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि खेल परिसर एवं अन्य आयोजन स्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और खिलाड़ी उत्साह व जोश के साथ भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा इस स्तर पर खेल आयोजन करवाया जाना प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि विभिन्न खेलों का कार्यक्रम अलग-अलग दिनों में सम्पन्न होगा और फरीदाबाद में आयोजित प्रतियोगिताएं  07 नवंबर तक पूर्ण हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देते हैं तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।