जे सी बोस विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया

0
739
Spread the love
Spread the love

फरीदाबाद, 23 दिसम्बर – जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के गणित विभाग द्वारा श्रीनिवास रामानुजन की 134वीं जयंती को राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में मनाया गया तथा इस उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग, वाद-विवाद प्रतियोगिता, पीपीटी प्रस्तुति, रंगोली प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों तथा विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद् द्वारा प्रायोजित किया गया था।
प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय विभागों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। गतिविधियों का संचालन गणित विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीतू गुप्ता की देखरेख में किया गया। विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों को कुलसचिव डॉ. एस.के. गर्ग, डीन प्रो. आशुतोष दीक्षित, विभिन्न शिक्षण विभागों के अध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहा गया।

विशेषज्ञ व्याख्यान में गणितज्ञ प्रो. एच.सी. तनेजा और प्रो. पंकज गुप्ता ने विद्यार्थियों को गणित एवं संबंधित अनुप्रयोगों से जु़ड़ी अहम जानकारी दी। प्रो. एच.सी. तनेजा ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के विभिन्न परिणामों और आर्यभट्ट द्वारा शून्य की अवधारणा के आविष्कार पर चर्चा की। अपने व्याख्यान में उन्होंने कार डिजाइनिंग, डेटा विश्लेषण और प्रबंधन परामर्श सहित दैनिक जीवन में गणित के विभिन्न अनुप्रयोगों पर भी चर्चा की। दूसरे व्याख्यान में प्रो. पंकज गुप्ता ने लीनियर प्रोग्रामिंग की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने लीनियर प्रोग्रामिंग समस्याओं को हल करने के लिए सरल विधि जैसी विभिन्न तकनीकों के उपयोग का वर्णन किया। उन्होंने लीनियर प्रोग्रामिंग के विभिन्न अनुप्रयोगों का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय और जामिया मिलिया इस्लामिया, गवर्नमेंट कॉलेज मतनहेल (झज्जर), सरस्वती महिला महाविद्यालय सहित अन्य संस्थानों से विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज की योगिता यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जे.सी. बोस विवि की दिव्या बब्बर और सिमरन ने दूसरा, विवि के शिवम शर्मा एवं महर्षि दयानंद विवि की प्राची ने तीसरा स्थान हासिल किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में जे.सी. बोस विवि के हार्दिक मेहता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जे.सी. बोस विवि. की खुशी गुप्ता और मानसी ने दूसरा और दिल्ली विवि. के मोहित तंवर ने तीसरा स्थान हासिल किया। पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में स्वाति सिंह व सुश्री सृष्टि भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुमकुम और दिव्या ने दूसरा और लोकेश कौशिक ने तीसरा स्थान हासिल किया। रंगोली प्रतियोगिता में जे.सी. बोस विवि. विद्यार्थियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। प्रतियोगिता में बीएससी एनिमेशन की आंचल और उर्वशी ने पहला स्थान हासिल किया। बीएससी फिजिक्स की लवी, बीएससी केमिस्ट्री की सुनीता, बीएससी एनिमेशन के मोहित और जितेश ने दूसरा और बीएससी केमिस्ट्री की अंजलि और खुशबू ने तीसरा स्थान हासिल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here