सोशल मीडिया में सही सूचना का प्रयोग हमारी जिम्मेदारी : उमेश उपाध्याय

0
880
Spread the love
Spread the love

Faridabad News, 15 June 2021 : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित ‘मीडिया की बात – आपके साथ’ नामक साप्ताहिक वेबिनार श्रृंखला में मुख्य वक्ता रिलायंस समूह के मीडिया अध्यक्ष उमेश उपाध्याय रहे। इस वेबिनार में बतौर मुख्य अथिति डीएवी शताब्दी कॉलेज की कार्यकारी प्रधानाचार्य डॉ. सविता भगत रहीं। इस वेबिनार को डीएवी शताब्दी कॉलेज एवं जे.सी. बोस विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस वेबिनार का विषय ‘सोशल मीडिया, समाज और युवा’ था। वेबिनार की अध्यक्षता जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने की।

वेबिनार के मुख्य वक्ता उमेश उपाध्याय ने कहा कि आज सोशल मीडिया ने एक नई भाषा को जन्म दिया है जिसे पुरानी पीढ़ी अभी समझ नहीं पा रही है। हम पारम्परिक दुनिया को छोड़कर वर्चुअल दुनिया में रहने लगे हैं। सोशल मीडिया पर आपकी रूचि का इंसान आपको आसानी से मिल जाता है लेकिन उस पर भरोसा करना कभी-कभी हमें नुक्सान दे जाता है। उन्होंने कहा सोशल मीडिया आज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के बारे में बताते हुए उपाध्याय ने कहा कि इस माध्यम में भविष्य में अपार संभावनाएं हैं। इसलिए हमें अपने आपको तकनीक व सोशल मीडिया के क्षेत्र में सक्षम बनाना होगा। सोशल मीडिया में कंटेंट प्रमुख होता है। इसलिए उसके प्रयोग के समय उसकी सही से जांच-परख कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हमें वही सूचना शेयर करनी चाहिए जो समाज के हित में हो। ऐसी कोई भी सूचना हमें कभी भी सोशल मीडिया द्वारा आगे प्रचारित-प्रसारित नहीं करनी चाहिए, जिसके कारण समाज का अहित हो सकता है। हमारी सूचना सदैव सत्यम-शिवम-सुंदरम भाव पर आधारित होनी चाहिए।
डीएवी शताब्दी कॉलेज की कार्यकारी प्रधानाचार्य डॉ. सविता भगत ने कहा कि आज सोशल मीडिया निरंतर व्यापक रूप से आगे बढ़ता जा रहा है। युवाओं में ही नहीं बल्कि हर उम्र के लोगों के बीच सोशल मीडिया आज लगातार अपना विस्तार कर रहा है। सोशल मीडिया आज लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रुप से प्रभावित कर रहा है। इसलिए इसके प्रयोग के समय पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार गर्ग ने मुख्य अतिथि, विभागाध्यक्षों एवं सभी विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम से जुड़ने के लिए साधुवाद दिया। वेबिनार का आयोजन संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग अध्यक्ष प्रो. अतुल मिश्रा की देखरेख में किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here