हरियाणा कांग्रेस द्वारा पंचकूला में ‘महिला एवं दलित उत्पीड़न विरोधी दिवस’ मनाया गया

0
795
Spread the love
Spread the love

Chandigarh News, 05 Nov 2020 : हरियाणा प्रदेश में महिलाओं व दलित वर्ग पर लगातार बढ़ रहे अत्याचारों के विरोध में हरियाणा कांग्रेस द्वारा गुरुवार को पंचकूला में ‘महिला एवं दलित उत्पीडऩ विरोधी दिवस’ मनाया गया। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व नेता, हरियाणा कांग्रेस विधायक दल व विधायक किरण चौधरी समेत हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने लोगों को संबोधित किया। लोगों को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस प्रभारी श्री विवेक बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण का नारा देती है। यह नारे पूरी तरह खोखले हैं। बल्लभगढ़ में जब मैं और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा जी मृतका निकिता के परिवार को सांत्वना देने गए तो भाजपा के लोगों ने नारेबाजी की, हम पर हमला किया। एक बेटी की जान चली गई और यह लोग राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। इनकी जितनी भर्त्सना की जाए वह कम है।

विवेक बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी आज तक निकिता के परिवार का दुख दर्द जानने नहीं गए। आप सभी ने देखा कि उत्तरप्रदेश के हाथरस में एक दलित बेटी के साथ दरिंदगी हुई। भाजपा सरकार द्वारा इस मामले को दबाने की भरकस कोशिश की गई। हरियाणा के पानीपत में एक बेटी पर तेजाब फेंक दिया गया। भाजपा सरकार में अपराधी निरंकुश हो चुके हैं। सरकार आंखें मूंदे हुए बैठी है। भाजपा ने अच्छे दिन का नारा दिया था। आज किसी के भी अच्छे दिन नहीं आए हैं। हमारी सरकार की अनेक उपलब्धियां थी। वह आज विलुप्त हो गई हैं।

लोगों को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन में दिन-प्रतिदिन महिलाओं व दलितों पर अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं। कमजोर वर्ग का लगातार उत्पीडऩ हो रहा है। एनसीआरबी के आंकड़े बता रहे हैं कि जब से हरियाणा में भाजपा सरकार ने सत्ता संभाली है अपराधों में तेजी से वृद्धि हुई है। महिलाओं-दलितों पर अत्याचार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हरियाणा की बात हो या उत्तरप्रदेश के हाथरस-उन्नाव की, जब इस तरह अत्याचार होता है तो अपराधियों के साथ भाजपा खड़ी नजर आती है। हाथरस मामले को दबाने की कोशिश हुई। एक गरीब दलित परिवार का दुख दर्द जानने के लिए जब राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी जाते हैं तो भाजपा इसका राजनीतिकरण करती है। राहुल गांधी जी-प्रियंका गांधी जी को रोका जाता है। उनके साथ बदसलूकी की जाती है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि अपराधियों को सख्त और तुरंत कार्रवाई का डर होना चाहिए। लेकिन आज भाजपा सरकार के कुशासन में अपराधियों में डर और भय नाम की कोई चीज नहीं है। आज जनता में अपराधियों का डर और भय है। बल्लभगढ में हमारी बेटी निकिता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। शिक्षण संस्थानों के बाहर पुलिस तैनात होनी चाहिए। लेकिन पुलिस कहां पर थी। पुलिस वहां पर होती तो हमारी बेटी की जान बच जाती। कुमारी सैलजा ने कहा कि मैं और प्रभारी श्री विवेक बंसल जी निकिता के परिवार से मिलने गए थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी शायद आज तक भी वहां पर नहीं गए हैं। हमने वहां भी कहा था और हम फिर कहते हैं कि इसका राजनीतिकरण ना करें। हरियाणा के लोगों को धर्म और जाति के नाम पर बांटने की कोशिश हरियाणावासी और कांग्रेस पार्टी को गवारा नहीं है। यह जनता भाजपा को आइना दिखा देगी। इस मामले में जल्द से जल्द दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। मैं और हरियाणा कांग्रेस प्रभारी श्री विवेक बंसल जब बल्लभगढ़ गए तो भाजपा के लोगों द्वारा हमारे ऊपर पत्थर फेंके गए, हम इनसे नहीं डरने वाले हैं। यह सस्ती राजनीति करते हैं। हमारा घेराव कर, पत्थर मारकर भाजपा ने अपनी ओछी मानसिकता दिखाई है। कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी, श्री राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में हम लोगों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। हम ऐसे ओछे हथकंडों से पीछे नहीं हटने वाले हैं।

पूर्व नेता, हरियाणा कांग्रेस विधायक दल व विधायक किरण चौधरी ने कहा कि आज हरियाणावासी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी महिला, किसान, गरीब, मजदूर, कर्मचारी वर्ग समेत तमाम वर्गों की बात करती है। बरोदा उपचुनाव से इस सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। आम आदमी जब गांठ बांध ले तो सरकार के दिन गिने-चुने रह जाते हैं। आप सभी हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा जी के हाथ मजबूत कीजिए। कांग्रेस पार्टी आपको सरकार बनाकर देगी। आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। हम ऐसी सरकार देंगे जो महिलाओं को सुरक्षा दे सके, हर वर्ग को उनके हक दे सके। आज हमें यह प्रण लेना है कि हम इस सरकार को अब दोबारा नहीं आने देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here