भाजपा ने किया शिक्षा व व्यापार को बर्बाद : अशोक तंवर

0
1295
Spread the love
Spread the love

Hisar News, 08 Dec 2018 : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षा और व्यापार के साथ-साथ देश-प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। यही कारण है कि अब लोगों का बीजेपी से मोह भंग हो गया है और लोग कांग्रेस की तरफ आस लगाये बैठे हैं। तंवर हिसार के सेक्टर 15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में शिक्षाविदें और व्यापारियों की एक बैठक में भाग लेने आये हुए थे। यहां इनेलो के जिला उप प्रधान व मानव इंस्टीट्यूट जेवरा के चेयरमैन डा. सी.पी. गुप्ता, ऑल इंडिया सेल्फ फाइनेंस बीएड कॉलेज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. सत्यवीर आर्य और भाजपा के नेता जय सिंह लोहचब (मास्टर हरि सिंह के भाई) ने विधिवित रूप से अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए डा. तंवर ने कहा कि वो व्यापारियों और शिक्षाविदें से मिलकर उनके मुद्दों को आने वाले चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल करेंगे। तंवर ने कहा कि जो प्रदेश में गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारियों, व्यापारियों आदि के हक की लड़ाई लडऩा चाहते हैं और जो प्रदेश में जंगलराज का खात्मा करना चाहते हैं, उनका वह कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हैं। पार्टी में शामिल होने वालों को जरूरत के अनुसार जिम्मेदारी दी जायेगी। डा. अशोक तंवर हिसार के इस कार्यक्रम में अपने जनसम्पर्क अभियान के तहत शामिल हुए हैं, जो उन्होंने पूरे हरियाणा में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए चलाया हुआ है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पांच राज्यों के हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के एक्जिट पोल के नतीजे कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रहे हैं और कांग्रेस वहां सरकार बनायेगी। पिछले साढ़े चार साल में भ्रष्टाचार बढ़ा है, जंगलराज स्थापित किया गया और बेरोजगारी अपने चरम पर है। उन्होंने कहा कि हिसार के ढंडूर में ही इतना बूरा हाल है कि वहां पांच मिनट खड़ा हो पाना मुश्किल है। डा. तंवर ने कहा कि सरकार खेत में किसानों के खिलाफ पराली जलाने पर केस दर्ज करती है। ऐसे में हिसार में ढंढुर के पास फैला कूड़ा और वहां लगने वाली आग से फैले प्रदूषण के कारण प्रदेश के मुख्यमंत्री, पर्यावरण मंत्री और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी पुलिस केस दर्ज होना चाहिए। ढंढूर के डंप के कारण गौ वंश भी मौत का शिकार हो रहा है और वहां मानव कंकाल मिल रहे हैं। सरकार स्वच्छता पर लाखों करोड़ रुपये खर्च करने का दावा कर रही है, ऐसे में ये जांच का विषय है कि वो पैसा कहां गया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि नगर निगम चुनाव में पार्टी ने सिम्बल पर चुनाव नहीं लडऩे का फैसला लिया है। ऐसे में पार्टी का किसी भी व्यक्ति को समर्थन नहीं है। बाकी जिन लोगों ने पार्टी को चुनाव चिह्न पर नगर निगम चुनाव लडऩे से मना करवाया ऐसे व्यक्तियों को जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए। जो नेता सिम्बल पर चुनाव लडऩे के लिए मना कर रहे थे आज वही अपने कैंडिडेट चुनाव में उतार रहे हैं। ऐसे में जनता की भावनाओं की खिलाफत करना पार्टी के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग अगर साम्प्रदायिक ताकतों को सत्ता से बाहर रखना चाहते हैं तो वह इसी अनुरुप नगर निगम चुनाव में वोट करें। साथ ही सभी लोगों से चुनाव में आपसी भाईचारा बनाये रखने की अपील की। चुनाव के दौरान उन्होंने किसी भी प्रकार के प्रचार से मना कर दिया। उन्होंने ये भी कहा कि अगर नगर निगम चुनाव सिम्बल पर लड़ा जाता तो चारों तरफ कांग्रेस की हवा होती। जिन नेताओं ने किसी भी प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया है तो वह उसे जीताकर लाये। उन्होंने ये भी कहा कि बिना सिम्बल के लोगों को पता कैसे लगेगा कि प्रत्याशी कांग्रेस का है। तंवर ने अजय चौटाला और दुष्यंत चौटाला की नयी पार्टी के बारे में कहा कि ये जनता के ऊपर है कि जनता जननायक जनता पार्टी बनवायेगी या जमानत जब्त पार्टी। इनेलो का हरियाणा में से पत्ता साफ हो चुका है और इस परिवार में तो सीएम के तीन दावेदार हैं। ऐसे में तो एक पार्टी और बननी चाहिए।

इस मौके पर कांग्रेस में शामिल होने वाले डा. सीपी गुप्ता ने कहा कि वह पिछले तीस साल से भाजपा और इनेलो में कार्यकर्ता के तौर पर रह कर काम कर चुके हैं, मगर उन्हें अब समझ आया है कि देश का विकास केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। यही सोच कर वह जनता की सेवा के लिए कांग्रेस में आये हैं। डा. सत्यवीर आर्य ने कहा कि भाजपा ने शिक्षा और व्यापार को खत्म करने का काम किया है। हर वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य केवल कांग्रेस पार्टी करती है, इसलिए वह पार्टी में आये हैं। रिटायर्ड एस.ई. जय सिंह लोहचब ने कहा कि आज जन भावना कांग्रेस के साथ जुड़ी है। पिछले साढ़े चार साल में जनता को महसूस हो चुका है कि भाजपा को वोट देना उनकी भूल थी।

पत्रकारों से बातचीत के बाद डा. तंवर ने शिक्षाविदें और व्यापारियों के साथ बैठक भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here