विकास से कोसों दूर और विनाश के नजदीक भाजपा : राकेश भड़ाना

0
1306
Spread the love
Spread the love

Faridabad News :  कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन राकेश भड़ाना ने कहा कि विकास के दावे करने वाली भाजपा सरकार विकास से कोसों दूर है और विनाश के नजदीक है। क्योंकि जिस प्रकार से भाजपा नेताओं की कार्यशैली और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की बौखलाहट सामने आ रही है, उससे साफ पता चल रहा है कि विकास के नाम पर बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार में विकास का नामो-निशान भी नहीं है और वो पूरी तरह से फेल हो चुके हैं। इसलिए अपनी खीझ कभी जनता पर तो कभी पत्रकारों पर निकाल रहे हैं। उक्त वक्तव्य राकेश भड़ाना ने एनआईटी विधानसभा क्षेत्र स्थित संजय कॉलोनी में वैदिक धर्म सेवा संस्था द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में कहे। वैदिक धर्म सेवा संस्था ने राकेश भड़ाना को पूर्ण समर्थन देते हुए क्षेत्र की समस्याओं से उनको अवगत कराया। इस अवसर पर राकेश भड़ाना ने संस्था के सदस्यों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस में कभी भी उनके हितों की अवमानना नहीं की जाएगी और समाजसेवा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाली वैदिक धर्म सेवा संस्था को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने संजय कॉलोनी निवासियों को आश्वासन दिया कि जिस प्रकार से भाजपा सरकार ने उनकी अनदेखी की है। बिजली-पानी को लोग तरस रहे हैं, उसका बदला लोग बहुत जल्द लेंगे और वोट लेने के लिए आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को सच्चाई का आईना दिखाएंगे। भड़ाना ने कहा कि भाजपा सरकार झूठ और फरेब की राजनीति करती है। लोगों को सिर्फ आश्वासन के अलावा कुछ नहीं दिया है। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने जिस प्रकार से भाजपा को अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया है, उससे साफ पता चलता है कि वो भाजपा सरकार के मोहरे के रूप में कार्य कर रहे हैं। न तो उनको क्षेत्र की जनता से कोई सरोकार न उनकी समस्याओं से। वो सिर्फ और सिर्फ भाजपा आलाकमान को खुश करने में लगे रहते हैं। उनका अधिकतम समय जनता के बीच नहीं, बल्कि चंडीगढ़ में गुजरता है। भड़ाना ने कहा कि अब भाजपा के दिन लद चुके हैं और आने वाला समय कांग्रेस का है। प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनेगी और आमजन व गरीबों की समस्याओं का प्रमुखता से हल किया जाएगा। आज भाजपा राज में जो फरीदाबाद की दुर्गति हुई है, उससे शहर को निकाला जाएगा और नया स्वरूप प्रदान किया जाएगा। वैदिक धर्म सेवा संस्था के प्रदीप, सुरेन्द्र, अजय, महेन्द्र, नरेश आदि ने उनको समर्थन का वादा किया और कहा कि संस्थ हर कदम पर उनका साथ देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here