
जिला में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभक्ति से ओतप्रोत विविध गतिविधियों का आयोजन
- के एल मेहता वूमेन कॉलेज में सामूहिक वंदे मातरम और देशभक्ति नृत्य ने बांधा समां
- द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थानों में निकली हर घर तिरंगा जागरूकता रैली
- अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि, वंदे मातरम से गूंजा परिसर
फरीदाबाद, 14 अगस्त।
उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में जिला में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में आज देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तिरंगा यात्राएं, साइकिल रैलियां, शपथ समारोह, पेंटिंग, रंगोली, क्विज़, भाषण तथा व्याख्यान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
के एल मेहता वूमेन कॉलेज में सामूहिक वंदे मातरम और देशभक्ति नृत्य ने बांधा समां
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज इस क्रम में के एल मेहता वूमेन कॉलेज, फरीदाबाद में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा सामूहिक वंदे मातरम गायन एवं देशभक्ति नृत्य प्रस्तुति आयोजित की गई। पूरे परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति के उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थानों में निकली हर घर तिरंगा जागरूकता रैली
इसी प्रकार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेवला महाराजपुर, सरकारी पीजी कॉलेज तिगांव तथा द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल, सेक्टर-23ए, फरीदाबाद में हर घर तिरंगा रैली, तिरंगे के साथ सेल्फी अभियान, देशभक्ति शपथ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ जागरूकता रैली निकाली।
अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि, वंदे मातरम से गूंजा परिसर
अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ में शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा सामूहिक वंदे मातरम गायन के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर ‘विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस’ के तहत विभाजन की पीड़ा और उससे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को स्मरण करने के उद्देश्य से डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग भी की गई, जिसे विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने गंभीरता एवं भावनात्मक जुड़ाव के साथ देखा।
कार्यक्रमों में शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्रीय एकता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए देशभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सशक्त बनाएं।