हर घर तिरंगा अभियान के तहत मोहना में 100 फीट विशाल तिरंगे के नीचे दिखी राष्ट्रीय एकता की मिसाल
- मोहना, अटेरना और झुग्गी छाँयसा के ग्रामीणों ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश
फरीदाबाद, 14 अगस्त।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्राम पंचायत मोहना में स्थापित 100 फीट ऊंचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज के नीचे गुरुवार को सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मोहना, अटेरना और झुग्गी छाँयसा के हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदाय के नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए और तिरंगे के प्रति अपनी आस्था एवं सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि हमारे मार्ग, परंपराएं और मजहब अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के प्रति हमारा गौरव और सम्मान केवल एक है—भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा। विशाल तिरंगे के नीचे विभिन्न समुदायों के लोगों का एक साथ खड़ा होना "अनेकता में एकता" की उस भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है, जो भारत की सबसे बड़ी पहचान है।
इस अवसर पर देशभक्ति के नारों, राष्ट्रगान और तिरंगा सम्मान कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक प्रबल किया गया। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन वीरों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और देशभक्ति के संदेश को मजबूत करने की अपील की।
मोहना में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा, जिसने यह संदेश दिया कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता में है।