तीन दिवसीय गीता महोत्सव का आगाज

0
683
Spread the love
Spread the love

Faridabad News, 06 Dec 2019 : जिला के सेक्टर 12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार से तीन दिवसीय गीता महोत्सव का आगाज हो गया है। महोत्सव का शुभारंभ हरियाणा के परिवहन तथा खनन विभाग के केबिनेट मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने किया, जिन्होंने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद् भागवत गीता मानव जीवन का आधार है, गीता हमें जीवन जीने की कला सिखाती है।

श्री शर्मा ने कहा कि श्रीमद भागवत गीता का उपदेश देने वाले भगवान श्रीकृष्ण का जन्म वृजक्षेत्र में हुआ था। इसको चौरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र भी कहा जाता है। फरीदाबाद, बल्लभगढ़ भी इसी चौरासी कोस क्षेत्र में आता है परंतु श्री कृष्ण भगवान की कर्म स्थली कुरुक्षेत्र रही थी, वही पर उन्होंने पूरी मानवता को अर्जुन के माध्यम से गीता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि गीता ग्रंथ में साइंस एण्ड टैक्नोलोजी का प्रमाण किसी से मिलता है कि महाभारत के युद्ध का आंखों देखा वर्णन संजय द्वारा दूर बैठे धृतराष्ट्र को सुनाया गया। गीता का सार किसी को आपस में लङना नहीं सिखाता बल्कि धर्म- अधर्म और न्याय-अन्याय की लङाई महाभारत में दिखाईं गई है। श्रीमद भागवत गीता लोगों को संदेश देती है कि सच्ची लग्न के साथ कर्म करना चाहिए और फल इच्छा कभी नहीं करनी चाहिए, फल तो स्वयं भगवान अवश्य ही मनुष्य को देता है। अर्जुन ने भी महाभारत के युद्ध में अपना निस्वार्थ भाव से कर्म किया था।

कैबिनेट मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर बोलते हुए कहा कि बेटे भी तो बेटियों से ही पैदा होते हैं, इसलिए हर नागरिक को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद भावनाओं का शहर है, इसमें केवल 18 प्रतिशत लोग हरियाणा वासी हैं बाकी 82 प्रतिशत लोग तो भारत के विभिन्न प्रांतों से आकर निवास कर रहे हैं,इसलिए इसमें श्रीमद भागवत गीता के सार के अनुसार सभी लोग अपना कर्म करते हुए प्यार और मोहब्बत के साथ रह रहे हैं।

इससे पहले, मुख्य अतिथि श्री मूलचंद शर्मा ने रिबन काट कर तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने गीता जयंती महोत्सव में सरकारी विभागों तथा सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और प्रदर्शनी में खासी रुचि भी दिखाई। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर रंगारंग सास्कृतिक कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।

उपायुक्त अतुल कुमार ने मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री मूलचंद शर्मा का हरियाणा में सम्मान की सूचक पगङी पहनाकर सम्मान किया और इस महोत्सव की यादगार बनी रहे, इसके लिए उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

एसडीएम बल्लभगढ़ त्रिलोक चंद ने गीता जयंती महोत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करने पर हरियाणा सरकार के परिवहन, खनन विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री मूलचंद शर्मा जी का जिला प्रशासन की तरफ से स्वागत किया ।उन्होंने कहा कि गीता ग्रंथ विश्व में एक जीवन जीना सिखाने वाला अदभुत ग्रंथ है । मनुष्य के हर आयु के पङाव का विवरण गीता ग्रंथ में निहित है। यह पूरे विश्व के मानव जीवन का आधार भूत ग्रंथ कहा जा सकता है।

इस अवसर पर उपायुक्त अतुल कुमार ,एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, एसडीएम बल्लभगढ़ त्रिलोक चंद, सीटीएम श्रीमती बैलीना, डीडीपीओ राकेश कुमार सहित कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here