कर्मचारियों ने नगर निगम के गेट पर लगाया ताला

0
1006
Spread the love
Spread the love

Faridabad News : नगर निगम फरीदाबाद के तीनों जोनों में तैनात हजारों कर्मचारियों ने 72 घंटे की हड़ताल में भाग लेकर कामकाज ठप रखा। इस दौरान हाऊस टैक्स, वाटर टैक्स, सीवर टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण केन्द्र सहित निगम से संबंधित सभी सेवाऐं प्रभावित रही। निगम मुख्यालय पर आयोजित सभा की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के जिला के प्रधान महासचिव नानकचंद खैरालिया ने की। मंच का संचालन कर्मी नेता सोमपाल झिझोटिया किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के मुख्य संगठनकर्ता विरेन्द्र सिंह डंगवाल व जिला प्रधान अशोक कुमार, रोडवेज के नेता रामआसरे यादव, बिजली विभाग के नेता करतार सिंह ने नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा की 72 घंटों की हड़ताल को पूर्ण रूप से समर्थन किया।

निगम मुख्यालय पर एकत्रित हुए तीनों जोनों के हजारों कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा चुनावों में प्रदेश के सफाई कर्मचारियों से ठेकाप्रथा समाप्त करने, कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने, सफाई कर्मचारियों का वेतन कम से कम 15 हजार रूपए देने का चुनावी घोषणा पत्र में वायदा किया था लेकिन चार साल बीते जाने के उपरांत भी सरकार अभी तक इन वायदों को पूरा करने में असफल साबित हुई है और स्थानीय निकाय मंत्री श्रीमती कविता जैन द्वारा कर्मचारियों की हड़ताल के बारे में अनभिज्ञता जाहिर करना गैर जिम्मेदाराना बयान है। प्रदेश के 10 हजार कर्मचारियों 18 मार्च को निकाय मंत्री कविता जैन के सोनीपत स्थित आवास पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन देकर यह बात कह कर आए थे कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह 72 घंटे की हड़ताल करेगें।

श्री बालगुहेर ने सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री को सफाई कर्मचारियों में से बदबू आती है। इसलिए सफाई कर्मचारियों से मंत्री जी बात तक नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 11 जुलाई को नगर पालिका कर्मचारी संघ व सरकार के बीच हुए समझौते को अब तक लागू नहीं किया गया है।

श्री बालगुहेर ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में जो चुनाव हुए है भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तीन वर्ष से अनुबंधित आधार पर कार्यरत कर्मचारियों को पक्का करने व साढ़े चार हजार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को जोकि पांच वर्षों का सेवाकाल पूरा कर चुका है उन कर्मचारियों को नियमित करने का कल मंगलवार को मंत्री मण्डल की बैठक में नियमित करने की मोहर लगाई है। जबकि हरियाणा सरकार में बीते चार सालों में कर्मचारी आस लगाए बैठे है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर कब उन्हें नियमित करेगें।

हड़ताल के दौरान नपा कर्मचारी संघ, हरियाणा के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरूचरण खाण्डिया, श्रीनंद ढकोलिया, सीवरमैन यूनियन के प्रधान सुभाष फेंटमार, ड्राईवर यूनियन के प्रधान वेद भड़ाना, परसराम अधाना, बिशनस्वरूप तेवतिया, वाटर सप्लाई यूनियन के प्रधान रामकिशोर त्यागी, बेलदार यूनियन के प्रधान रोहताश रेढू, दान सिंह, रघुबीर चौटाला, प्रेमपाल, राजबीर चिंडालिया, विरेन्द्र भंडारी, जितेन्द्र छाबड़ा, बल्लू प्रधान, नरेश भगवाना, रविन्द्र टांक, मुकेश बेनीवाल, देशराज डाबर, सूरजकीर, विनोद कुमार नैन सिंह, महेन्द्र कुण्डिया, जसबीर चौहान, राजेश फेंटमार, विजयपाल चिण्डालिया, महिला नेता बृजवती, माया, ममता, सलोचना, संतोष, शकुन्तला, कमलेश, कमला, इन्द्रा, सुनीता सहित दर्जनों नेताओं ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here