कांग्रेस के घोषणा पत्र ‘जन आवाज़’ का हरियाणा के लिए हुआ विमोचन

0
1721
Spread the love
Spread the love

Chandigarh News, 04 April 2019 : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से वीरवार को पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस द्वारा जारी घोषणा पत्र ‘जन आवाज़’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी कुमार का हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने गुलदस्ता देकर स्वागत किया। घोषणा पत्र के विमोचन के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी कुमार ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र देश के लिए है और संयम व संतुलन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र के माध्यम से राजनीतिक पार्टियां अपने कार्यक्रम को देश के सामने रखती हैं और 2019 के लोक सभा चुनाव के लिए कांगे्रस द्वारा जारी घोषणा पत्र ‘जन आवाज़’ में हर वर्ग के लिए वादे किए गए हैं जिन्हें कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के बाद निभाने का काम करेगी।

उन्होंने देश की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी होने के नाते कांग्रेस पार्टी ने सबको साथ लेकर चलने के संकल्प के साथ अपने घोषणा पत्र में देश के हर राज्य के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करीब एक साल का समय इस घोषणा पत्र को तैयार करने में लगाया है। उन्होंने कहा कि साल 2019 का यह चुनाव भाईचारा या भेदभाव परिणाम या जुमला व न्याय या अन्याय के बीच है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा अपने घोषणा पत्र में देश के पांच करोड़ अति गरीब परिवारों को हर साल 72 हजार रूपए देने के फैसले का ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कांग्रेस देश के सशक्तिकरण की बात करती है और इसीलिए चाहे देश का आम नागरिक हो या फिर गरीब, किसान, मजदूर, हर वर्ग की जरूरत को समझ कर उसे पूरा करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में किसानों के कर्ज माफ करने, युवाओं को रोजगार देने और जीएसटी के सरलीकरण से देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो कहा है वो किया है, क्योंकि चाहे मध्य प्रदेश की बात हो, छत्तीसगढ़ की बात हो या फिर राजस्थान की, चुनाव से पहले कांग्रेस ने किसानों के कर्जे माफ करने का जो वायदा किया था उसे सरकार बनते ही निभाया गया। उन्होंने कहा कि अब पूरे देश में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों के लिए कर्ज माफी से लेकर कर्ज मुक्ति तक का रास्ता तैयार कर लिया गया है और इसी के तहत किसानों को उनकी उपज के फायदेमंद दाम, कम लागत और संस्थागत ऋण सुनिश्चित पहुंच के जरिए देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार किसानों की आर्थिक दशा और दिशा सुधारने के लिए हर साल किसान बजट भी पेश किया जायेगा ताकि देश का किसान खुशहाल हो सके। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने देश के युवाओं को रोजगार देने को कांग्रेस की प्राथमिकता बताया और कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही देश में खाली पड़े सभी सरकारी पदों को भरने का काम किया जायेगा और साथ ही रोजगार पैदा करने वाले कारोबारियों को भी कांग्रेस प्रोत्साहित करने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार देश में स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी कांग्रेस की सरकार आने पर विशेष कार्य किए जायेंगे जिसका पूरा उल्लेख कांग्रेस के घोषणा पत्र में किया गया है।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा के साथ आज कांग्रेस की लड़ाई इसलिए है क्योंकि भाजपा ने लोगों के आत्म-सम्मान पर चोट पहुंचाने का काम किया है और लोगों के बोलने तक की आजादी छीन ली है, जिस कारण आज देश का हर नागरिक अपने-आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज असल लड़ाई देश के मूलभूत स्वरूप को बचाने की है और इसलिए यह आवश्यक है कि हम लोगों तक इस बात को पहुंचायें कि अगर देश की आत्मा जिन्दा रखना है तो भाजपा को हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को कांग्रेस के घोषणा पत्र को पढ़ कर यह समझना होगा कि कांग्रेस पार्टी देश के विकास और आम नागरिक की जरूरतों की बात कर रही है, जबकि भाजपा ने पिछले पांच सालों में देश के लोगों को आपस में लड़वाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में किसान की जो दुर्दशा हुई है वैसी पहले कभी नहीं हुई क्योंकि मोदी राज में ही सबसे ज्यादा किसानों ने आत्म-हत्याएं की और सबसे ज्यादा धरने, प्रदर्शन अपनी मांगों को लेकर किए हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र ‘जन आवाज़’ ने देश के लोगों में उम्मीद की एक नई किरण जगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए गए वायदों को कांग्रेस की सरकार बनते ही पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में देश के हर वर्ग के लिए वायदे किए गए हैं और सभी वायदों को पूरा करने का संकल्प लिया है। डॉ. तंवर ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी होने के बाद भाजपा समेत सभी विपक्षी पार्टियों की बोलती बंद हो गई है क्योंकि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वही सब वायदे किए हैं जिनहें वो पूरा कर सकती है। उन्होंने कहा कि साल 2014 में भाजपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया था देश की जनता ने उसे देख भी लिया और उसे भुगत भी लिया है। डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा ने अपने किए किसी वादे को पूरा नहीं किया चाहे वो देश के लोगों को 15 लाख देने का वादा हो या फिर युवाओं को हर साल दो करोड़ देने जैसे अनेकों वायदे हो वो केवल जुमला ही साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की परिर्वतन बस यात्रा निकलने के बाद एक तरफा लहर चल पड़ी है और लोगों ने यह मन बना लिया है कि हरियाणा की दस की दस सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जीता कर देश में श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनाने का काम करेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बिजेन्द्र कादियान, पूर्व विधायक तेजबीर सिंह, जयपाल सिंह लाली, तरूण भंडारी, कुलदीप सोनी, ओमप्रकाश देवीनगर, सतविन्द्र सिंह संधु टिम्मी, पूर्व आईएएस प्रदीप कासनी, मनवीर कौर गिल, भूपेन्द्र राणा, पंकज पुनिया, आजाद सिंह तूर, सुरेश ढांडा, राजेश कोना, अंजलि बंसल, रोहित दलाल, डॉ. कपूर सिंह, निशांत प्रभाकर, सुखविंद्र नारा, दयाल पिंजौरी, वीरेन्द्र चौहान, राकेश सोंधी, नरेश मगू, हरीश सासन, सुरेश कांगड़ी, जगबीर जोगनाखेड़ा, लक्ष्मीकांत शर्मा, केहर सिंह झंडा, रेखा बाल्मीकि, सीमा भारद्वाज, संजीव चौधरी, देवेन्द्र वर्मा, दीप चंद सढोरा, डॉ. सारवान, वीरेन्द्र दीक्षित आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here