70 साल में कांग्रेस और बीजेपी ने केवल देश को लूटा : अरविन्द केजरीवाल

0
1506
Spread the love
Spread the love
Faridabad News, 27 Jan 2019 :  पिछले 70 साल में कांग्रेस और बीजेपी ने देश को केवल लूटने का काम किया है, वरना आज भारत देश सुखी-संपन्न और खुशहाल होता। जो देश हमारे बाद आजाद हुए आज उनकी स्थिति हमसे बेहतर है। उक्त वक्तव्य आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने बडख़ल विधानसभा क्षेत्र के बौद्ध विहार पार्क में आयोजित ‘स्कूल-अस्पताल रैली’ में उपस्थित अपार जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने हमेशा देश विरोधी नीतियों को बढावा दिया है और कभी नहीं चाहा कि देश का गरीब नागरिक संपन्न हो। जब आम आदमी पार्टी 4 साल के अंदर दिल्ली में बिजली 1 रुपए प्रति यूनिट, पानी माफ, स्कूल एवं अस्पतालों की हालत में बेहतरीन सुधार कर सकती है तो क्या ये 70 सालों में देश के हालात नहीं सुधार सकते थे। मगर इन्होंने केवल अपना राजनीतिक हित साधा। आप ने जब दिल्ली में सेना के जवानों के लिए एक करोड़ का मुआवजा घोषित किया तो, कांग्रेस और भाजपा ने उसका भी विरोध किया। किसानों के हितों की बात करने वाली भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री खट्टर किसानों को कहते हैं कि अपना मुआवजा इंश्योरेंस कंपनियों से लें। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सबसे अधिक 20 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा किसानों को दिया है। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी रोजगार छीनने का काम कर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी के श्रममंत्री गोपाल राय ने रोजगार मेले में 2 दिन में 5 हजार लोगों को रोजगार दिया। राफेल मुद्दे पर भी राजनीति करते हुए अरविन्द केजरीवाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि जो विमान 600 करोड़ का मिल रहा था, उसी विमान को भाजपा ने फ्रांस से 1600 करोड़ में खरीदा। यह बात समझ नहीं आ रही है कि फ्रांस से ऐसा मोदी जी का क्या रिश्ता है जो उसको इतना फायदा पहुंचाया। केजरीवाल ने हरियाणा में सरकार आने पर दिल्ली की तर्ज पर 13,500 न्यूनतम वेतनमान दिलाने की बात भी कही। उन्होंने मोदी और अमित शाह को देश के लिए घातक बताया और कहा  कि अगर 2019 में ये सत्ता में आए तो देश का बेड़ा गर्क कर देंगे। ये तानाशाही सिस्टम लागू कर देंगे और चुनावों को ही खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से दिल्ली में झुगी-झोंपड़ी वालों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं, उसी तर्ज पर हरियाणा में भी झुगी-झोंपड़ी वालों का पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। बिना मकान दिए किसी भी झुगी-झोंपड़ी को तोड़ा नही जाएगा। आम आदमी पार्टी दिल्ली में 20 हजार लोगों को मकान उपलब्ध करवा चुकी है। उन्होंने आप की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमने भ्रष्टाचार पर पूरी तरह नियंत्रण पाया है। आज लोगों को अपने राशन कार्ड, पैंशन बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं, बल्कि सरकारी अफसर स्वयं आपके घर आकर आपके राशन कार्ड, पैंशन या किसी भी प्रकार की सेवा हो करते हैं। इससे पूर्व रैली को श्रम मंत्री गोपाल राय एवं प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने सम्बोधित करते हुए कहा कि दिल्ली और हरियाणा के हालातों में इतना अंतर है कि यहां के स्कूल और अस्पतालों की हालत देख लीजिए और दिल्ली के स्कूल-अस्पताल जाकर देख लीजिए। यहां आम आदमी पंखे चलाता है तो भी उसका उतना ही बिल आता है, जितना दिल्ली में एसी चलाने पर आता है। उन्होंने दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिकों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां पर प्रत्येक व्यक्ति गरीब-अमीर नि:शुल्क अपना इलाज करा सकता है, दवाएं फ्री और टेस्ट फ्री। जब आम आदमी पार्टी 4 साल में इतनी सुविधाएं उपलब्ध कर सकती है, तो प्रदेश की सरकारें क्या करती रही अब तक। रैली के संयोजक धर्मबीर भडाना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का फूल-मालाओं से स्वागत किया और आए हुए सभी शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने प्रदेश में आप की सरकार आने पर बडख़ल विधानसभा क्षेत्र को विशेष दर्जा दिए जाने की मांग की। रैली में मुख्य रूप से विधायक सहीराम पहवान, हरेन्द्र भाटी, गिर्राज शर्मा, मंजू गुप्ता, गीता शर्मा, रणबीर चंदीला, आभाष चंदीला, राजूदीन, सुनील ग्रोवर, कृष्ण कांगड़ा, माधव झा, बिट्टू सिंह, विजय गुर्जर आदि लोग उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here