चौटाला के गढ़ में सेंधमारी की तैयारी, कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देंगे अमित शाह

0
962
Spread the love
Spread the love

Chandigarh News : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस बार पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के गढ़ जींद में सेंधमारी करेंगे और सरकार और संगठन के साथ बैठकें करके मिशन 2019 के तहत कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देकर जाएंगे।

गौरतलब है कि अमित शाह छह महीने पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में आए थे और तीन दिन के प्रवास के दौरान उन्होंने सरकार और संगठन के काम को गति प्रदान की थी। बहरहाल, शाह के कार्यक्रमों को अंतिम रूप प्रदान करने में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला जुट गए हैं। शाह 15 फरवरी को जींद आएंगे। इस दिन राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ मोटरसाइकिल रैली भी निकाली जाएगी। जींद के करीब सौ किलोमीटर के दायरे में जितने भी हलके पड़ेंगे, उन सभी के कार्यकर्ताओं को मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ जींद बुलाया जा सकता है।

प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ होगी अलग से मीटिंग
जींद से ज्यादा दूरी वाले हलकों से कार्यकर्ता निकटतम स्थानों पर आकर मोटरसाइकिल रैली निकालेंगे। रैली के जरिए शाह कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करेंगे। इसी दिन शाह जींद में मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के साथ बैठकें करेंगे। साथ ही पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ भी अलग से मीटिंग करने की योजना है। शाह के दौरे से पहले सीएम भी कार्यकर्ताओं को खुश करने में जुटे हैं।

हिसार होगा दूसरी पसंद
हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हरियाणा आने का कार्यक्रम पहले से तय था। जब वह रोहतक आए थे, तभी उन्होंने छह माह बाद आने और मोटरसाइकिल रैली निकालने का संकेत दिया था। बहरहाल इसकी तैयारियां की जा रही हैं और जल्द ही प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में समस्त कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। वैसे तो शाह के जींद में ही आने की संभावना है, लेकिन फेरबदल हुआ तो वह हिसार भी आ सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here